चुनरी यात्रा: सागर में आस्था का महाकुंभ, माँ हरसिद्धि को चढ़ाई 1100 मीटर लंबी चुनरी
एक चुनरी, हज़ारों हाथ और अटूट विश्वास, सागर में दिखा भक्ति का अद्भुत दृश्य
नवरात्रि की सप्तमी को मां हरसिद्धि मंदिर राजीव नगर से बाघराज स्थित मां हरसिद्धि मंदिर पहुंची भव्य चुनरी यात्रा

सागर। ममतामयी जगत जननी मां ‘हरसिद्धि मंदिर बाघराज’ में नवरात्र की सप्तमी पर मातारानी को 1100 मीटर की चुनरी चढ़ाई गई। हजारों लोग शहर में निकली भव्य चुनरी यात्रा में शामिल हुए। ढोल-ताशे, डीजे, बैंडबाजों के साथ लोग हाथों से माता की दिव्य चुनरी को थामे निकले। चुनरी यात्रा जहां से भी निकली, फूलों की बरसात की गई। यात्रा का जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने भक्ति-भाव से स्वागत किया।
माता रानी की चुनरी यात्रा के आयोजक व वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद प्रजापति ने चुनरी यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्र के पावन पर्व पर मातारानी की भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाता है। यह छठवां वर्ष है। सोमवार को सुबह 11 बजे से मां हरसिद्धि माता मंदिर, राजीव नगर वार्ड, भोपाल रोड से सिद्धपीठ मां हरसिद्धि माता मंदिर बाघराज मंदिर तक चुनरी यात्रा निकाली गई है। नवरात्रि के अवसर पर सागर शहर केवल एक धार्मिक अनुष्ठान का ही नहीं, बल्कि एक विशाल सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सव का केंद्र बन गया। यह आयोजन मात्र एक यात्रा न रहकर पूरे शहर की सामूहिक भक्ति और एकता की मिसाल बन गया।
चुनरी यात्रा में शहर सहित ग्रामीण इलाकों से आए करीब 10 हजार श्रद्धालु शामिल हुए। चुनरी लेकर यात्रा दोपहर करीब 3 बजे बाघराज मंदिर दरबार पहुंची, जहां विशेष पूजन-अर्चन कर मातारानी को 1100 मीटर की चुनरी समर्पित की गई। इस दौरान हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे मौजूद थे। यात्रा में श्री राम दरबार, श्री राधा-कृष्ण और भगवान लवकुश की जीवंत झांकियां, अखाड़े का मलखम्ब शामिल थे। आयोजकों में प्रमुख रूप से विनोद प्रजापति सहित राजकुमार प्रजापति, बिट्टू प्रजापति, सचिन प्रजापति, राजू पटेल, शिवम सोनी, कैलाश प्रजापति, सूरज प्रजापति, गोपाल प्रजापति, मोहन कुशवाहा सहित पार्षद अशोक साहू, याकृति जड़िया सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
पूर्वगृहमंत्री, सांसद, पूर्व विधायक शामिल हुए
मातारानी की चुनरी यात्रा में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री व विधायक भूपेंद्र सिंह, सांसद लता वानखेड़े, पूर्व विधायक सुनील जैन, पार्षद जित्तू खटीक, महेश साहू दालमिल, संतोष साहू बालाजी सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजवेवी शामिल हुए।
जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों ने किया स्वागत
भोपाल मार्ग पर स्थित मां हरसिद्धि मंदिर से प्रारंभ हुई चुनरी यात्रा का मोतीनगर चौराहे पर भव्य स्वागत किया गया। इसी प्रकार चमेली चौक, रामबाग तिराहा, साहू समाज मंदिर, बड़ा बाजार, सराफा बाजार, इतवारा बाजार, विवेकानंद वार्ड, केशवगंज, काकागंज, पिपरिया से लेकर मंदिर द्वार तक सैकड़ों जगह लोगों ने स्वागत कर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
Author: Admin
जन सरोकार, मुद्दे, राजनीति, मनोरंजन, ताजा घटनाएं भरोसेमंद और तथ्यपूर्ण खबरें, आम आदमी की आवाज जोर शोर से उठाकर प्रशासन सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है खबर युग









